यूपी में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हो गई है। संघर्ष समिति ने एक दिन पहले ही कार्य वहिष्कार आंदोलन को वापस ले लिया है। ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से भी कहा है कि प्रदेश में जहां कहीं भी विद्युत आपूर्ति बाधित हो, उसे शीघ्र संचालित किया जाए और जो भी कर्मचारी कार्यस्थल पर न हो, वह कार्यस्थल पर जाकर अपनी ड्यूटी करें।
शनिवार की रात सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच बातचीत बेनतीजा रही थी लेकिन रविवार को जब कर्मचारी नेता एक बार फिर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और चेयरमैन एम देवराज के साथ बैठै तो काफी सकारात्मक ढंग से बातचीत हुई। इस बातचीत के बाद बिजली कर्मचारी नेताओं ने हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार पहले भी बातचीत के लिए तैयार थी। आज की वार्ता सकारात्मक रही है। सभी कर्मचारियों से अपील है कि तत्काल काम पर लौट जाएं।
यह आश्वासन भी दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर हुई कार्यवाही को विधिक तरीके से वापस लिया जाएगा। बैठक के बाद बिजली कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि हम किसी कीमत पर प्रदेश की आम जनता को तकलीफ नहीं पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। सरकार ने समझौते को लागू करने का आश्वासन दिया है। इसी आधार पर हड़ताल वापस ली जा रही है।
Read more